पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
गिरिडीह।बालमुकुंद फैक्ट्री के मजदूरों के शोषण के खिलाफ भाकपा माले और असंगठित मजदूर मोर्चा द्वारा 13 मई से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना 14वें दिन भी जारी रहा। धरना अब गेट जाम की ओर बढ़ रहा है।
पूर्व विधायक राजकुमार यादव (राजधनवार) और विनोद सिंह (बगोदर) धरना स्थल पर पहुंचे और मजदूरों का हौसला बढ़ाया। दोनों नेताओं ने फैक्ट्री प्रबंधन पर मजदूरों का शोषण करने का आरोप लगाया।
मजदूरों का आरोप है कि बिना नियम-कानून के मजदूरों को नौकरी से निकाला जा रहा है। 70 फीसदी स्थानीय मजदूर रखने के सरकारी नियम का पालन नहीं हो रहा,8 घंटे के बजाय 12 घंटे काम कराया जा रहा है,फैक्ट्री से प्रदूषण फैल रहा है,जिससे खेती-किसानी और स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है।
अंचल अधिकारी जितेंद्र प्रसाद,मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो और लेबर विभाग के अधिकारियों ने वार्ता कराने की कोशिश की, लेकिन फैक्ट्री प्रबंधक आशुतोष तिवारी बहाना बनाकर भाग गए।
राजकुमार यादव ने कहा कि मजदूरों की यह लड़ाई सिर्फ माले की नहीं पूरे गिरिडीह की है। अगर बात नहीं मानी गई तो पूरा गिरिडीह चक्का जाम कर दिया जाएगा।
विनोद सिंह ने कहा,माले और असंगठित मजदूर मोर्चा मजदूरों की लड़ाई लगातार जारी रखेगा। फैक्ट्री प्रबंधन सोच रहा है कि हम पीछे हट जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं होगा। ईंट से ईंट बजा देंगे।
अशोक पासवान, पूरन महतो, कन्हाई पांडे, राजेश सिन्हा, रामू बैठा, उस्मान अंसारी, शेखर सुमन, मनुवर हसन बंटी और मसूदन कोल ने भी मजदूरों के साथ खड़े होने का ऐलान किया।
धरना स्थल पर हजारों महिला-पुरुष मजदूर मौजूद रहे। माले नेताओं ने मजदूरों से अपील की है कि वे काम पर न लौटें और आंदोलन को और मजबूत करें। जिला कमिटी ने फैसला लिया है कि जल्द ही बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। प्रशासन ने धरना स्थल का जायजा लिया, लेकिन खबर भेजे जाने तक कोई समाधान नहीं निकल सका था।