पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
गिरिडीह।करणपुरा में प्रस्तावित स्टेडियम के निर्माण के लिए बहुफसली खेती वाली जमीन अधिग्रहण किए जाने का विरोध तेज हो गया है।फॉरवर्ड ब्लॉक ने प्रभावित किसानों और भू-स्वामियों के साथ खड़ा होकर मांग की है कि स्टेडियम वैकल्पिक जगह पर बनाया जाए। यदि बाध्यता हो तो किसानों को पर्याप्त मुआवजा देकर ही निर्माण कार्य किया जाए।
फॉरवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक बेंगाबाद के पूर्व जिप सदस्य राजेश यादव ने मंगलवार को निर्माणाधीन स्टेडियम स्थल पर पीड़ित किसानों के साथ मुलाकात की। राजेश यादव ने स्थल का जायजा लिया और पुरानी खेती वाली जमीन को देखा। खेत एक जीवित नाले के किनारे होने के कारण लंबे समय से बहुफसली खेती के लिए उपयुक्त रहे हैं।
पीड़ित किसानों ने राजेश यादव को बताया कि उन्होंने जमीन छिने जाने के खिलाफ कई बार आवेदन दिए,लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने कोर्ट का रुख किया, जहां से उन्हें राहत मिली और निर्माण कार्य रोकने का आदेश हुआ। इसके बावजूद जबरन काम जारी है।
किसानों ने आशंका जताई कि यदि वे विरोध करेंगे तो उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाया जा सकता है।राजेश यादव ने कहा, सरकार की यह विकास नीति पूरी तरह गलत है। झारखंड में अन्य राज्यों की तुलना में खेती योग्य जमीन पहले से ही कम है, फिर भी किसानों की बहुफसली जमीन को निशाना बनाया जा रहा है। राजेश यादव ने जिला प्रशासन,स्थानीय विधायक, सांसद और राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर न्याय सुनिश्चित करने की मांग की। राजेश यादव ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित किसानों को उचित न्याय नहीं मिला तो आंदोलन किया जाएगा।
मौके पर फॉरवर्ड ब्लॉक के प्रखंड उपाध्यक्ष रामलाल मंडल, प्रखंड महासचिव शंभू ठाकुर, बाबूलाल चौधरी, मो. गुलाब अंसारी, इंद्रजीत यादव, नीरज कुमार, फरीद अंसारी, प्रकाश यादव, सद्दाम अंसारी, धीरज कुमार, सीताराम चौधरी, दिनेश यादव, कलावती देवी, राधिका देवी, भूषण देवी, जेबुन खातून, शाहिना खातून, सोनिया देवी, उर्मिला देवी सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित थे।