पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
धनबाद। विधायक राज़ सिन्हा ने मंगलवार को डीआरएम कार्यालय पहुंचकर धनबाद मंडल के डीआरएम अखिलेश मिश्रा से मुलाकात की और क्षेत्रहित और जनसुविधा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
मुलाकात के दौरान विधायक राज सिन्हा ने दानापुर–कोडरमा ट्रेन संख्या 13233/13234 को धनबाद तक विस्तारित करने की मांग प्रमुखता से उठाई।राज सिन्हा ने कहा कि ट्रेन के धनबाद तक विस्तार होने से धनबाद एवं आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा तथा यात्रा अधिक सुविधाजनक हो सकेगी।
इसके अलावा राज सिन्हा ने भूली क्षेत्र में रेलवे द्वारा निर्माणाधीन ओवरब्रिज कार्य के दौरान जोड़िया नदी में मिट्टी जमा होने से जल के प्राकृतिक प्रवाह में बाधा उत्पन्न होने की समस्या भी डीआरएम के समक्ष रखी।राज सिन्हा ने बताया कि नदी में मिट्टी जमा होने के कारण बीसीसीएल द्वारा आपूर्ति की जाने वाली जलापूर्ति पाइपलाइन पानी में डूब गई है, जिससे मरम्मत कार्य प्रभावित हो रहा है और स्थानीय लोगों को पेयजल संकट सहित कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
डीआरएम अखिलेश मिश्रा ने दोनों ही मामलों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं राज सिन्हा ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान तथा धनबाद के समग्र विकास के लिए उनका प्रयास आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री मानस प्रसून, मीडिया प्रभारी पंकज सिन्हा, निर्मल प्रधान एवं मनोज मालाकार भी उपस्थित थे।