प्रिंस खान गैंग के दो गुर्गे हथियार और जिंदा बम के साथ गिरफ्तार,हत्या की साजिश नाकाम

प्रिंस खान गैंग के दो गुर्गे हथियार और जिंदा बम के साथ गिरफ्तार,हत्या की साजिश नाकाम

24 Jul 2026 |  24

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



धनबाद।धनबाद पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात प्रिंस खान गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को हथियार और जिंदा बम के साथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों कथित रूप से एक स्थानीय जमीन कारोबारी और होटल व्यवसायी की हत्या की साजिश रच रहे थे।



पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बी. पॉलिटेक्निक के समीप जंगल क्षेत्र में प्रिंस खान गिरोह से जुड़े गुलाम गौस उर्फ छोटू कुरैशी और शोएब कुरैशी हथियारों के साथ एकत्र हुए हैं। सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने मौके पर छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।तलाशी के दौरान गुलाम गौस उर्फ छोटू कुरैशी के पास से दो जिंदा बम,MADE IN ITALY एक अवैध पिस्टल,तीन जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। वहीं शोएब कुरैशी के पास से KING KGF एक अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।



पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे प्रिंस खान गिरोह से जुड़े हैं और एक स्थानीय जमीन कारोबारी एवं होटल व्यवसायी की हत्या करने की योजना से वहां एकत्र हुए थे। पूछताछ में गुलाम गौस उर्फ छोटू कुरैशी ने बताया कि वह व्हाट्सएप के माध्यम से गिरोह के सरगना प्रिंस खान और गोपी खान के लगातार संपर्क में था।



इस मामले में बैकमोड़ थाना (भूली ओपी) में कांड संख्या-116/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच करते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों और साजिश में शामिल लोगों की तलाश में जुटी है।


ट्रेंडिंग