पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
साहिबगंज। दिल्ली के जंतर-मंतर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और नीट और सीबीएसई मार्किंग में हुई गड़बड़ी को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने गुरुवार को साहिबगंज में आक्रोश मार्च निकाला। झामुमो जिलाध्यक्ष अरुण सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों नेता और कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च करते हुए स्टेशन चौक पहुंचकर केंद्र की भाजपा सरकार का पुतला जलाकर विरोध जताया।
झामुमो जिलाध्यक्ष अरुण सिंह ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के निर्देश पर पुलिस द्वारा शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्र-छात्राओं पर लाठीचार्ज किया गया। पार्टी इसकी कड़ी निंदा करती है।उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले हर साल 2 करोड़ नौकरी देने का वादा किया था,लेकिन नौकरी देने के बजाय हर बार पेपर लीक का मामला सामने आ जाता है। अभी नीट परीक्षा को भी रद्द कर दिया गया। यह छात्रों के साथ सीधा अन्याय है। छात्र मेहनत और ईमानदारी से तैयारी करते हैं, लेकिन केंद्र सरकार उनके परिश्रम पर पानी फेर देती है।
जिला उपाध्यक्ष सह केंद्रीय समिति सदस्य संजीव शामू हेंब्रम और संजय मिश्रा ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा छात्रों का हित नहीं चाहती,हर बार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जाता है। इसे हमारी पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। छात्रों और नौजवानों पर हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि झामुमो छात्रों के साथ कदम से कदम मिलाकर खड़ी है।
विरोध प्रदर्शन में जिला युवा मोर्चा सचिव मोहम्मद मारूफ उर्फ गुड्डू, केंद्रीय समिति सदस्य संजय मिश्रा उर्फ बबलू मिश्रा, मुजीबुर रहमान, अखलाकुर रहमान, नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान उर्फ छोटू पासवान, जिला संगठन सचिव छवि हेंब्रम, काजू मल्लिक, जिला कार्यकारिणी सदस्य अब्दुल बारीक शेख, जंग बहादुर सिंह, जेम्स किस्कू, जिला युवा मोर्चा उपाध्यक्ष मो अली, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष बसंती हांसदा, जिला सचिव संगीता हांसदा, प्रखंड अध्यक्ष बर्नाड मरांडी, स्टीफन मुर्मू, अयूब अली, सुबोध सोरेन, अमरदीप सिंह, नगर अध्यक्ष आदित्य यादव, राजमहल प्रखंड अध्यक्ष अनिसुर रहमान सहित दर्जनों नेता और कार्यकर्ता शामिल थे।