बालूमाथ में दो पीएलएफआई उग्रवादी गिरफ्तार, पिस्तौल-कारतूस और चोरी की बाइक बरामद
बालूमाथ में दो पीएलएफआई उग्रवादी गिरफ्तार, पिस्तौल-कारतूस और चोरी की बाइक बरामद
24 Jul 2026 | 30
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
लातेहार।बालूमाथ पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक देशी पिस्तौल,एक मैगजीन,तीन जिंदा कारतूस,दो मोबाइल और बिना नंबर की चोरी की अपाची बाइक बरामद हुई है।पुलिस के मुताबिक दोनों ठेकेदारों से लेवी वसूलने और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की मंशा से क्षेत्र में पहुंचे थे।
एसपी कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना पर एसडीपीओ उमेश प्रसाद सिंह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। मकईयाटांड़ पुलिस पिकेट के पास वाहन जांच के दौरान बिना नंबर की अपाची बाइक पर सवार दोनों संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोहरदगा के पेशरार थाना क्षेत्र निवासी संजय सिंह उर्फ डिम्पू उर्फ भीम सिंह और कुडू थाना क्षेत्र निवासी शहजाद अंसारी के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने पीएलएफआई कमांडर बादल उर्फ पवन के निर्देश पर लेवी वसूली और दहशत फैलाने के उद्देश्य से आने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दोनों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।