मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश,कमजोर प्रदर्शन वाले प्रखंडों पर रहेगी विशेष नजर

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश,कमजोर प्रदर्शन वाले प्रखंडों पर रहेगी विशेष नजर

24 Jul 2026 |  21

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



गोड्डा।समाहरणालय स्थित सभागार में गुरुवार उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य विभाग की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अप्रैल से जून तक मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य समेत विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रखंडवार प्रगति की समीक्षा की गई।



उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्तापूर्ण सुधार लाते हुए सभी स्वास्थ्य सूचकांकों में निर्धारित लक्ष्य से बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त ने कमजोर प्रदर्शन वाले प्रखंडों में विशेष अभियान चलाने,नियमित मॉनिटरिंग एवं स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया।



समीक्षा के दौरान प्रथम तिमाही में गर्भावस्था पंजीकरण की उपलब्धि करीब 92 प्रतिशत रही। उपायुक्त लोकेश लोकेश मिश्रा ने सहिया, एएनएम एवं स्वास्थ्यकर्मियों को घर-घर संपर्क कर गर्भावस्था के शुरुआती चरण में ही महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं चार प्रसव पूर्व जांच (4 ANC) की उपलब्धि करीब 93 प्रतिशत रही। पोड़ैयाहाट, गोड्डा सदर एवं महागामा के प्रदर्शन को सराहनीय बताया गया।



उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी एवं नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने के साथ गंभीर एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं को समय पर उपचार, रेफरल एवं पोषण संबंधी परामर्श उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।



180 आयरन-फोलिक एसिड (IFA) टैबलेट वितरण की उपलब्धि करीब 100 प्रतिशत रही। उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने सभी पात्र गर्भवती महिलाओं को निर्धारित मात्रा में आयरन-फोलिक एसिड उपलब्ध कराने के साथ नियमित सेवन की निगरानी करने को कहा।



संस्थागत प्रसव की उपलब्धि करीब 67 प्रतिशत रहने पर उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने चिंता जताते हुए इसमें सुधार के लिए सभी प्रखंडों में जनजागरूकता अभियान चलाने,सहिया की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।



उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने और सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने के लिए सभी स्वास्थ्यकर्मियों को समन्वित एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। उपायुक्त ने सिविल सर्जन एवं सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग, क्षेत्र भ्रमण एवं डेटा आधारित समीक्षा करने का निर्देश दिया। साथ ही बोआरीजोर एवं सुंदरपहाड़ी प्रखंडों में विशेष अभियान चलाकर स्वास्थ्य संकेतकों में अपेक्षित सुधार लाने को कहा।



बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मलेरिया, डेंगू, टीबी, कुष्ठ, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, एमटीसी, एसएनसीयू, परिवार नियोजन, एनसीडी, एनटीईपी, एनवीबीडीसीपी एवं ब्लड सेल सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई।



इस अवसर पर उप विकास आयुक्त विस्पुते श्री कांत यशवंत, सिविल सर्जन डॉ. एससी शर्मा, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. ताराशंकर झा, सदर अस्पताल मैनेजर मोनाली राय सहित संबंधित प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।


ट्रेंडिंग