भाजपा को फायदा पहुंचा रहा चुनाव आयोग,दोनों बंटी और बबली जैसे: झामुमो 

भाजपा को फायदा पहुंचा रहा चुनाव आयोग,दोनों बंटी और बबली जैसे: झामुमो 

17 Oct 2024 |  21

 

रांची।झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बुधवार को एक तरफ निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा तो वहीं दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। झामुमो ने चुनाव आयोग पर भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया और कहा कि ये दोनों 2005 में आई बॉलीवुड फिल्म बंटी और बबली के किरदार जैसे हैं।

 

झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने बुधवार को राजधानी रांची में संवाददाताओं को संबोधित किया।सुप्रियो भट्टाचार्य ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव दो चरणों में होंगे,लेकिन एक रणनीति के तहत। एक जिले के कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में अलग-अलग तिथियों पर मतदान होगा,जिस तरह से तिथियों की घोषणा की गई है, उससे ऐसा लगता है कि निर्वाचन आयोग भाजपा को फायदा पहुंचाने की कोशिश कर रहा है।

 

सुप्रियो भट्टाचार्य ने दावा किया कि हजारीबाग के मांडू निर्वाचन क्षेत्र में मतदान दूसरे चरण में होगा ताकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जैसे शीर्ष भाजपा नेता मतदान से पहले सभाएं कर सकें और आसपास के निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं को प्रभावित कर सकें। भट्टाचार्य ने कहा कि ठीक इसी तरह रांची जिले के खिजरी और सिल्ली निर्वाचन क्षेत्रों में भी एक रणनीति के तहत दूसरे चरण में मतदान होगा।

 

सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि मैं केंद्र और निर्वाचन आयोग से अपील करता हूं कि वे संवैधानिक संस्थाओं को इस तरह से नुकसान न पहुंचाएं। भट्टाचार्य ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा की ओर इशारा करते हुए आरोप लगाया कि चुनाव की रणनीति असम भवन में तय की गई हैं। दरअसल सरमा झारखंड के लिए भाजपा के चुनाव सह-प्रभारी भी हैं।

 

सुप्रियो भट्टाचार्य ने सवाल किया कि असम के मुख्यमंत्री को चुनाव की तारीखों की घोषणा के बारे में कैसे पता था।वहीं भाजपा ने दावा किया कि सत्तारूढ़ पार्टी चुनाव हारने के डर से ऐसे आरोप लगा रही है।

 

बता दें कि झारखंड मुक्ति मोर्चा ने यह आरोप चुनाव आयोग द्वारा झारखंड की 81 विधानसभा सीट के लिए चुनाव की घोषणा करने के एक दिन बाद लगाए हैं।तय कार्यक्रम के अनुसार झारखंड में विधानसभा चुनाव 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में होंगे। 43 विधानसभा सीट पर 13 नवंबर को जबकि शेष 38 सीट पर 20 नवंबर को मतदान होगा।

ट्रेंडिंग