झारखंड भाजपा की पहली लिस्ट में आज 40 नामों का हो सकता है ऐलान,पांच सीटें होल्ड पर

झारखंड भाजपा की पहली लिस्ट में आज 40 नामों का हो सकता है ऐलान,पांच सीटें होल्ड पर

17 Oct 2024 |  38

 

रांची।झारखंड विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है।सभी राजनीतिक पार्टियां चुनाव की तैयारी में जुट गई हैं। विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान आज गुरुवार को कर सकती है। पहली लिस्ट में 40 से ज्यादा सीटों पर प्रत्याशियों के नामों का ऐलान हो सकता है।वहीं दूसरी लिस्ट भी दो से तीन दिनों में जारी होने की संभावना है।

 

होल्ड पर पांच सीटें

 

मंगलवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में 68 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम पर विचार किया गया था।बैठक में रांची,सिमरिया, पौड़ेयाहाट, हटिया और बड़कागांव विधानसभा सीट को होल्ड पर रखा गया है।वहीं भाजपा द्वारा जिन 40 से अधिक सीटों पर प्रत्याशियों के नाम लगभग तय माने जा चुके हैं, उसमें भी आंशिक बदलाव की संभावना है।बुधवार को भी दिल्ली में महाराष्ट्र के प्रत्याशियों के चयन पर बैठक हुई। इस बैठक में हुए निर्णय के तहत महाराष्ट्र और झारखंड की पहली लिस्ट जारी होगी।बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सीट शेयरिंग पर आलाकमान का फैसला ही अंतिम होगा।

 

दिल्ली में रायशुमारी कर पार्टी के वरिष्ठ नेता लौटे रांची

 

प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन समेत प्रदेश के अन्य नेता बुधवार की दोपहर रांची लौट आए। रांची में मीडिया से बातचीत में बाबूलाल मरांडी ने बताया कि केंद्रीय चुनाव समिति को झारखंड के हालात और सीटवार प्रत्याशियों के बारे में बताया है। अब आगे का फैसला केंद्रीय नेतृत्व को लेना है। एक से दो दिनों में सूची जारी होगी। वहीं अमर कुमार बाउरी ने कहा कि आधिकारिक सूची जल्द जारी की जाएगी।

 

भाजपा सिर्फ सत्ता ही नहीं पूरी व्यवस्था बदलेगी: चंपाई

 

पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने एक्स पर पोस्ट कर झारखंड के युवाओं को संबोधित किया है। उनके पांच महीनों के अल्पकालिक कार्यकाल के दौरान शुरू की गई विभिन्न नियुक्ति प्रक्रियाओं को रोकने की जद्दोजहद पर लिखा है कि इसने ना सिर्फ युवाओं, बल्कि उन्हें भी खासा निराश किया है। भारतीय जनता पार्टी में जब हम परिवर्तन की बात करते हैं, तब हमारा मकसद सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि पूरी व्यवस्था में परिवर्तन लाना है।हम लोग एक ऐसी व्यवस्था बनाएंगे जहां क्लर्क से लेकर सीएम तक, हर कोई आपकी शिकायतों को सुने एवं पूरी ईमानदारी के साथ उन पर कार्रवाई करे। 

 

चंपाई सोरेन ने कहा कि आइये साथ मिलकर हम एक ऐसी सरकार बनाते हैं, जो कैलेंडर बनाकर पारदर्शिता से सभी नियुक्ति प्रक्रियाओं को पूरा करवाएगी,एक ऐसी व्यवस्था बनाते हैं, जिसमें सिर्फ योग्य एवं प्रतिभाशाली छात्रों का चयन हो तथा पेपर लीक एवं भ्रष्ट्राचार का कोई स्थान ना रहे। भाजपा की सरकार आने के तुरंत बाद 2.87 लाख नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके साथ ही पांच लाख युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाये जाएंगे, ताकि वैसे लोग भी विकास की मुख्य धारा से जुड़ सकें, जो किसी कारणवश नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सकते।

ट्रेंडिंग