नगर विकास मंत्री और प्रशासनिक अधिकारियों ने धुर्वा डैम छठ घाट का किया निरीक्षण
समाजसेविका शीला सिंह ने छठ व्रतियों की समस्याओं से अधिकारियों को कराया अवगत
पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची।छठ महापर्व को देखते हुए शुक्रवार को धुर्वा डैम पर नगर विकासमंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का आगमन हुआ।साथ में नगर आयुक्त सुशांत गौरव, एसडीएम उत्कर्ष कुमार,सिटी एसपी पारस राणा,ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह,डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा और धुर्वा थाना प्रभारी बिमल किंडो भी मौजूद रहे।अधिकारियों के साथ धुर्वा डैम के निरीक्षण के दौरान मंत्री के साथ वार्ड 39 के पूर्व पार्षद स्वर्गीय वेदप्रकाश सिंह की पत्नी शीला सिंह भी उपस्थित रहीं। शीला सिंह ने धुर्वा डैम के छठ घाटों पर होने वाली कठिनाइयों से अधिकारियों को अवगत कराया।
बता दें कि धुर्वा डैम पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु छठपर्व मनाने दूर-दूर से आते हैं।पिछले कई सालों से दिवंगत पार्षद वेदप्रकाश सिंह अपने स्तर से छठ घाटों की साफ सफाई और तमाम जरूरी मूलभूत सुविधाओं का ख्याल रखते आ रहे थे। उसी कारवां को आगे बढ़ाते हुए समाजसेवी शीला सिंह ने बीते दिनों क्षेत्र में अधिकारियों और अपने कार्यकर्ताओं के साथ भ्रमण किया।
शीला सिंह ने कहा कि आने वाले चार दिनों में भी छठ घाट पर और साथ ही साथ धुर्वा की तमाम छठ समितियों के साथ मिलकर भी सेवा जारी रहेगी। धुर्वा के सभी जनता के साथ मिलकर हमलोग आस्था के सबसे बड़े और पवित्र त्यौहार छठ महापर्व को पूरी श्रद्धा और सेवा से मनाएंगे।