भारतीय रेल ने किया पहली बार प्रयोग,स्टेशन पर गूंजने लगे छठ म‌इया के गीत

भारतीय रेल ने किया पहली बार प्रयोग,स्टेशन पर गूंजने लगे छठ म‌इया के गीत

25 Oct 2025 |  21

 



पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची।कांच ही बांस के बहंगिया,केलवा के पात पर उगेलन सुरुजदेव,पटना के घाट पर हमहूं अरगिया देहब हे छठी मैया,ये प्रसिद्ध छठ पूजा के गीत 30 से अधिक रेलवे स्टेशनों की उद्घोषणा प्रणालियों से गूंज रहे हैं,जो न केवल यात्रियों के मन को छूने वाला अनुभव बन रहा है,बल्कि उन्हें बिहार की सोंधी संस्कृति से भी जोड़ रहा है। इस साल भारतीय रेल ने छठ के इस अवसर को और भी खास बना दिया है।विशेषकर महिला यात्रियों को इन गीतों को गुनगुनाते हुए भी देखा जा सकता है। भारतीय रेल ने इस प्रकार का प्रयोग पहली बार किया है। 



 



बता दें कि हर साल छठ पूजा के दौरान लाखों की संख्या में  बिहार और उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में लोग अपने घरों की ओर लौटते हैं।अपने परिवार के साथ छठ पूजा मनाने जाने वाले लोगों के लिए इस साल भारतीय रेल ने 12 हजार से अधिक विशेष ट्रेनों और हजारों नियमित ट्रेनों के माध्यम से यात्रियों को उनके घर-शहर पहुंचाने का जिम्मा लिया है और सफलतापूर्वक अतिरिक्त सुविधाएं प्रदान करते हुए यात्रियों को उनके गंतव्य स्थान तक पहुंचाया है।स्टेशनों पर स्टेशन उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से छठ म‌इया के गीतों के साथ यात्रियों का स्वागत शायद पहली बार हो रहा है। यह पहल अपने आप में विशिष्ट है और दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को बिहार की सोंधी संस्कृति से जोड़ रही है।



 



इन स्टेशनों पर हो रहा छठ म‌इया के गीत का प्रसारण 



 



कोलकाता,नई दिल्ली,आनंद विहार,आसनसोल,गोरखपुर, रांची,पटना दानापुर,राजेंद्र नगर,पाटलिपुत्र,आरा,बक्सर, हाजीपुर,सोनपुर,मुजफ्फरपुर,समस्तीपुर,सहरसा,जमालपुर, मुंगेर,कटिहार,नरकटियागंज,मोतिहारी और  30 से अधिक रेलवे स्टेशनों पर छठ म‌इया के गीत बजाए जा रहे हैं। दक्षिण पूर्व रेलवे के अंतर्गत रांची,टाटानगर,बोकारो स्टील सिटी, शालीमार,संत्रागाछी,खड़गपुर,बालेश्वर,आद्रा,पुरुलिया,बांकुड़ा आदि स्टेशनों पर गीतों का प्रसारण किया जा रहा है।रेलवे के इस प्रयोग से छठ पूजा के लिए जा रहे यात्री विशेषकर महिला यात्री खुशी व्यक्त कर रही हैं। 



 



बता दें कि लोक आस्था का महापर्व छठ लोकगीतों के बिना अधूरा है।छठ घाटों की ओर जाने वाली महिलाएं समूह में छठ म‌इया के गीत गाते चलती हैं और छठी मैया से अपने परिवार, समाज और देश के लिए आशीष मांगती हैं। दूर दराज से ट्रेन पड़कर आ रहे यात्रियों की ट्रेन जब उनके रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो यात्रियों को छठ म‌इया के गीत सुनाई पड़ने लगे।


ट्रेंडिंग