चौपारण प्रखंड प्रशासन ने कठंम्बा के आदिम जनजातियों के बीच किया कंबल वितरण

चौपारण प्रखंड प्रशासन ने कठंम्बा के आदिम जनजातियों के बीच किया कंबल वितरण

27 Dec 2025 |  12

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि/चौपारण/हजारीबाग। चौपारण प्रखंड प्रशासन द्वारा कड़ाके की ठंड से राहत पहुंचाने के लिए बसरिया पंचायत अंतर्गत कठम्बा बिरहोर टोला में आदिम जनजाति बिरहोर समुदाय के लोगों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल से वर्षों से उपेक्षित रहे बिरहोर परिवारों को ठंड से बचाव में बड़ी मदद मिली है।



बताया जाता है कि कठम्बा बिरहोर टोला में रहने वाले अधिकतर परिवार सीमित संसाधनों के बीच जीवन यापन करते हैं और ठंड के मौसम में उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में प्रशासन द्वारा समय पर कंबल वितरण को स्थानीय लोगों ने सराहनीय कदम बताया।



कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी नीतेश भास्कर ने बिरहोर समुदाय के लोगों से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं। नीतीश ने कहा कि आदिम जनजातियों का संरक्षण और कल्याण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।ठंड के इस मौसम में किसी भी बिरहोर परिवार को परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन सतत निगरानी रखे हुए है। 



विधायक प्रतिनिधि राजदेव यादव ने कहा कि सरकार की मंशा है कि विकास की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। बिरहोर समुदाय जैसे कमजोर वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगे भी इस टोले के विकास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा।



बसरिया पंचायत की मुखिया मंजू देवी ने प्रशासन का आभार व्यक्त किया।मंजू ने कहा कि ठंड के मौसम में कंबल वितरण जैसे कार्यक्रम गरीब और असहाय परिवारों के लिए संजीवनी साबित होते हैं। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर से भी बिरहोर टोला की मूलभूत सुविधाओं पर लगातार ध्यान दिया जा रहा है। 



इस मौके पर मौजूद रामसेवक यादव, उपमुखिया प्रतिनिधि संजय यादव, विनय यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक कर्मियों ने बिरहोर समुदाय के लोगों को ठंड से बचाव के उपाय बताए। लोगों से अलाव जलाकर ताप लेने, रात के समय गर्म कपड़ों का उपयोग करने तथा बच्चों और बुजुर्गों की विशेष देखभाल करने की अपील की गई।


ट्रेंडिंग