पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गांडेय। प्रखंड अंतर्गत करीबांक पंचायत के शीतला गांव में सोमवार को मंत्री हफीजुल हसन ने डॉक्टर बशीर हेल्थ केयर अस्पताल का फीता काटकर उद्घाटन किया।कार्यक्रम में अस्पताल संचालक डॉक्टर असलम, डॉक्टर वसीम,डॉक्टर एन मोहम्मद, डॉक्टर नाशरा खान, मोहम्मद रमजान सहित अन्य लोगों ने मंत्री का स्वागत गुलदस्ता और फूलमाला पहनाकर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि स्वर्गीय डॉक्टर बशीर ने लंबे समय तक क्षेत्र के गरीबों की सेवा की थी। अब उनके पुत्र एवं परिजनों द्वारा अस्पताल खोलकर उनकी इच्छा को आगे बढ़ाया जा रहा है। कहा कि इस अस्पताल में कम खर्च में गरीबों को बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी।
बजट सत्र को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि आगामी झारखंड विधानसभा का बजट सत्र राज्य के लिए महत्वपूर्ण होगा। यह अबुआ बजट है,जिसमें गरीब, मजदूर,किसान,महिला,विद्यार्थी और व्यवसायियों सहित सभी वर्गों का विशेष ख्याल रखा गया है। महिलाओं के लिए अलग से प्रावधान भी किया गया है।
अस्पताल संचालक मोहम्मद असलम ने बताया कि उनके पिता की इच्छा थी कि गांडेय में एक ऐसा अस्पताल खुले, जहां गरीबों का सस्ती दर पर हर प्रकार का इलाज हो सके। उसी संकल्प को पूरा करने के उद्देश्य से अस्पताल की शुरुआत की गई है।
कार्यक्रम के बाद मंत्री सड़क मार्ग से धनबाद के लिए रवाना हो गए। मौके पर घाटकुल पंचायत के मुखिया मोहम्मद हाफिज, समाजसेवी मोहम्मद सुलेमान, मोहम्मद शाकिर,सुनील रवानी, नंदू रवानी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।