कृषि,पशुपालन,मत्स्य और सहकारिता विभाग की बैठक हुई संपन्न,उपायुक्त ने दिए आवश्यक दिशा निर्देश

कृषि,पशुपालन,मत्स्य और सहकारिता विभाग की बैठक हुई संपन्न,उपायुक्त ने दिए आवश्यक दिशा निर्देश

17 Feb 2026 |  9

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गढ़वा।सोमवार को उपायुक्त दिनेश यादव की अध्यक्षता में कृषि,पशुपालन,मत्स्य और सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक का आयोजन समाहरणालय के सभाकक्ष में किया गया।बैठक में कृषि विभाग अंतर्गत बीज वितरण,कृषक प्रशिक्षण,फसल उत्पादन कार्यक्रम,केंद्र प्रायोजित योजनाओं और सॉयल हेल्थ एवं फर्टिलिटी (मृदा स्वास्थ्य एवं उर्वरता) कार्यक्रम की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए तथा अधिकाधिक किसानों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाए। 



समीक्षा के क्रम में कार्य प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर उपायुक्त दिनेश यादव ने संबंधित पदाधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई और अगली समीक्षा बैठक तक शत प्रतिशत कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।साथ ही स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, झारखंड राज्य मिलेट्स मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड(केसीसी) एवं फसल बीमा समेत अन्य संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। 



उपायुक्त दिनेश यादव ने लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक किसानों को योजनाओं से लाभान्वित करने का निर्देश दिया। उद्यान विभाग के अंतर्गत उद्यान विकास योजनाओं एवं राष्ट्रीय बागवानी मिशन की प्रगति की समीक्षा की गई। गुणवत्तापूर्ण पौधारोपण,क्षेत्र विस्तार और किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया। वहीं पशुपालन और गव्य विभाग के अंतर्गत गव्य विकास,मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना, कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम और पशु शेड वितरण योजना की समीक्षा की गई।उपायुक्त ने लाभुकों के चयन में पारदर्शिता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।



 मत्स्य विभाग अंतर्गत तालाब और जलाशयों में मत्स्य विकास,मत्स्य बीज वितरण,मत्स्य बीमा,सब्सिडी योजनाओं और मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।मत्स्य उत्पादक समूहों को सशक्त बनाने पर बल दिया गया। वहीं सहकारिता विभाग की समीक्षा के क्रम में गोदाम निर्माण(100 एमटी, 500 एमटी एवं 5000 एमटी क्षमता वाले), उर्वरक अनुज्ञप्ति निर्गत करने की स्थिति तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना(रबी) की प्रगति की जानकारी ली गई।उपायुक्त दिनेश यादव ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि जिले के अधिकाधिक किसान और पशुपालक योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।



समीक्षात्मक बैठक में उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, जिला कृषि पदाधिकारी खुशबू पासवान,जिला मत्स्य पदाधिकारी धनराज कापसे,जिला सहकारिता पदाधिकारी नीलम कुमारी,जिला पशुपालन पदाधिकारी,विद्यासागर सिंह, जिला गव्य विकास पदाधिकारी गिरीश कुमार,जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी चंद्र किशोर,उपनिदेशक आत्मा योगेंद्र सिंह समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी और एफपीओ आदि उपस्थित थे।


ट्रेंडिंग