राजकीय इटखोरी महोत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर,सुनहरे रंगों और आकर्षक रोशनी से जगमगाएगा मंच
प्रखंड कार्यालय से लेकर मंदिर तक दोनों ओर मार्ग की साफ सफाई का कार्य जारी,रंग रोगन का कार्य अंतिम चरण पर
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि/इटखोरी/चतरा।राजकीय इटखोरी महोत्सव का हर साल की तरह इस साल भी इसका आयोजन 19 फरवरी से 21 फरवरी तक किया जा रहा है।इसे लेकर सभी प्रकार की तैयारीयां जोर शोर से की जा रही है।तीन दिवसीय राजकीय इटखोरी महोत्सव के लिए भव्य और आकर्षक मंच का निर्माण किया जा रहा है,जिसमें पारंपरिक भारतीय स्थापत्य कला दिग्दर्शन देखने को मिलेगा।यह मंच सुनहरे रंगों और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था से सुसज्जित होगा।
मंच की पृष्ठभूमि में कलात्मक नक्काशी धार्मिक प्रतीकों और आधुनिक एलईडी स्क्रीन का प्रयोग किया जाएगा,जिससे मंच की भव्यता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्यता और बढ़ जाएगी। पूरे परिसर क्षेत्र को रंग-बिरंगे फूलों और लाइटों से सजाया जा रहा है।
महोत्सव के दौरान स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर के कलाकार भी अपनी कला की प्रस्तुति देंगे,जिससे महोत्सव का आयोजन ऐतिहासिक बनेगा।
विदित हो कि राजकीय इटखोरी महोत्सव का आयोजन साल 2015 से फरवरी माह की 19, 20 और 21 तारीख को विगत 10 सालों से आयोजित होते आ रहा है।हर वर्ष मंच का थीम अलग-अलग रहता है।इस बार भी मंच का थीम विगत वर्षों के थीम से अलग है।मां भद्रकाली मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राजकीय इटखोरी महोत्सव को लेकर सभी तैयारियां जोरों पर है। कार्यक्रम की सारी तैयारियां जिला प्रशासन की देखरेख में की जा रही है। मंदिर की चहारदिवारी, मंदिर क्षेत्र प्रवेश द्वार का और मंदिर के मुख्य दरवाजों के रंग रोगन का कार्य अपने अंतिम चरण में है। प्रखंड परिसर से लेकर मंदिर तक के मुख्य मार्ग के दोनों और साफ सफाई का काम तेजी के साथ किया जा रहा है। वाहनों के पार्किंग स्थल रानी पोखर के साफ सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। महोत्सव के लिए विशाल मंच निर्माण का कार्य पिरामिड फेविकोल इवेंट प्राइवेट लिमिटेड सोनपुर के कलाकारों के द्वारा किया जा रहा है। मंच निर्माण कार्य में बिहार के सोनपुर से आए हुए सभी कलाकार युद्ध स्तर पर लगे हुए हैं।