पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,बालूमाथ,लातेहार।प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत धाधू पंचायत के चितरपुर गांव में ग्रामीणों ने प्रस्तावित ड्रोन सर्वे का कड़ा विरोध जताया।बैठक में ओडिशा एलॉय स्टील लिमिटेड कंपनी द्वारा चितरपुर कोल ब्लॉक क्षेत्र में ड्रोन सर्वे के माध्यम से सर्वेक्षण और क्षेत्र मापी करने के लिए उपायुक्त से अनुमति मांगी गई थी।उपायुक्त कार्यालय से पत्र जारी कर अनुमति दिए जाने की सूचना जैसे ही ग्रामीणों को मिली। गांव में आक्रोश फैल गया और एक बैठक बुलाकर सामूहिक रूप से विरोध का निर्णय लिया गया।
ग्रामीणों ने कहा कि बिना ग्राम सभा की अनुमति किसी भी प्रकार का सर्वे या खनन कार्य स्वीकार नहीं किया जाएगा।ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी ने सीधे प्रशासनिक पदाधिकारियों से अनुमति लेकर गांव को विश्वास में लिए बिना अपनी कार्य शुरू करने की कोशिश कर रही है,जो नियमों के विरुद्ध है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि कंपनी द्वारा जबरन जमीन अधिग्रहण की तैयारी की जा रही है,लेकिन हम सब ग्रामीण किसी भी कीमत पर विस्थापन स्वीकार नहीं करेंगे। कंपनी को भगाना है,गांव को बचाना है के नारे के साथ आंदोलन को गांव-गांव और टोला मोहल्लों तक तेज करने का संकल्प लिया गया और उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने का भी निर्णय लिया गया है।
बैठक में मेसरा उरांव,बनारस उरांव,शंकर उरांव,हनुक उरांव,रामप्रसाद उरांव,दाले उरांव, सोमा उरांव,बसंती देवी,नीरो देवी, गेरवा देवी सहित कई स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।