पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
चतरा।जिला उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने गुरुवार को जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ सदर अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की व्यापक समीक्षा की।निरीक्षण से पूर्व उपायुक्त ने सिविल सर्जन कार्यालय स्थित सभा कक्ष में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति जानी और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को इस योजना का लाभ सुनिश्चित कराया जाए।उपायुक्त ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संविदा आधारित नियुक्तियों की प्रक्रिया को गति देते हुए 26 अप्रैल को लिखित परीक्षा आयोजित कर 30 अप्रैल तक नियुक्ति पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने जीवन तरंगिनी एम्बुलेंस सेवा के लिए टोल फ्री नंबर प्राप्त करने के लिए बीएसएनएल के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया,ताकि आम लोगों को आपातकालीन सेवाएं सुलभ हो सकें।
प्रतापपुर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के कार्यों की समीक्षा के दौरान संस्थागत प्रसव एवं पूर्ण प्रतिरक्षण की प्रगति पर उपायुक्त कीर्तिश्री जी नाराजगी व्यक्त की और अगले माह तक सुधार लाने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने एचपीवी वैक्सीनेशन की संख्या बढ़ाने,टीबी उन्मूलन अभियान के तहत मयूरहंड प्रखंड में 10 दिनों का विशेष अभियान चलाने और ई-संजीवनी टेली कंसल्टेशन की प्रगति में सुधार लाने पर बल दिया।
उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने निर्देश दिया कि एमटीसी को उपलब्ध वाहन का उपयोग कर प्रतापपुर,इटखोरी और सदर क्षेत्र के एसएएम और एमएएम बच्चों को चिन्हित कर उपचार के लिए भर्ती कराया जाए। साथ ही पोषण सखी द्वारा चिन्हित बच्चों की स्क्रीनिंग एएनएम के माध्यम से सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन के तहत अभियान 20 अप्रैल से 5 मई तक संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत जिले के 88 गांवों में 1,12,330 लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों के समन्वय से अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया।
बैठक के उपरांत उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने सदर अस्पताल का निरीक्षण कर विभिन्न वार्डों और सुविधाओं का जायजा लिया और मरीजों से संवाद कर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सिन्हा, सिविल सर्जन डॉक्टर सत्येन्द्र कुमार सिन्हा,जिला योजना पदाधिकारी शिशिर पंडित, उपाधीक्षक डॉक्टर पंकज सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।