मनरेगा में बड़ा घोटाला,महिला के नाम पर फर्जी निकासी, जमीनी हकीकत उजागर

मनरेगा में बड़ा घोटाला,महिला के नाम पर फर्जी निकासी, जमीनी हकीकत उजागर

10 Apr 2026 |  21

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



लातेहार।मनिका प्रखंड क्षेत्र के जूंगूर पंचायत में मनरेगा योजना के तहत बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। इस मामले ने सरकारी योजनाओं की जमीनी सच्चाई उजागर कर दी है।मामला मजदूर संगीता देवी से जुड़ा है,जिनके नाम पर बिना उनकी जानकारी के बैंक खाता खोलकर योजना की राशि का अवैध निकासी किए जाने का आरोप लगा है।



 प्राप्त जानकारी के अनुसार योजना संख्या (3406004002/IF/7080904203897) के अंतर्गत पंकज यादव के कूप निर्माण कार्य में संगीता देवी के नाम से फर्जी तरीके से मजदूरी का डिमांड डाला गया। इसके बाद मस्टर रोल में हाजिरी बनाकर भुगतान भी निकाल लिया गया।



पीड़ित संगीता देवी का कहना है कि उन्होंने इस कार्य में एक दिन भी मजदूरी नहीं की है।इतना ही नहीं संगीता देवी के नाम से मिलने वाली मइया सम्मान योजना की राशि भी बिचौलियों द्वारा निकाल लेने का आरोप है।यानी एक ही महिला के नाम का इस्तेमाल कर अलग-अलग सरकारी योजनाओं में फर्जीवाड़ा कर आर्थिक लाभ उठाया गया है। 



इस पूरे मामले में पंचायत स्तर पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों और सूत्रों के अनुसार बिना मुखिया,पंचायत सेवक और रोजगार सेवक की जानकारी के इस तरह का फर्जीवाड़ा संभव नहीं है। ऐसे में इनकी भूमिका भी संदेह के घेरे में है। यदि निष्पक्ष जांच की जाए तो और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।यह मामला मनरेगा योजनाओं की जमीनी हकीकत को सामने लाता है,जहां कागजों पर मजदूर काम कर रहे हैं,लेकिन असल में उन्हें इसकी जानकारी तक नहीं होती। इससे साफ होता है कि निगरानी की कमी और सिस्टम की लापरवाही के कारण गरीबों के हक की राशि बीच में ही हड़प ली जा रही है। 



घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और वे प्रशासन से उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं। इस मामले में प्रशासन का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।


ट्रेंडिंग