पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,साहिबगंज।साल के अंत में जब सर्दियां अपने चरम पर हैं और नए साल का आगमन होने वाला है तो साहिबगंज के पर्यटन स्थल जीवंत हो उठे हैं।सुबह से ही लोग अपने-अपने परिवारों और दोस्तों के साथ इन जगहों पर पहुंचने लगते हैं। बच्चों की किलकारियां,खानेपीने की खुशबू और ठंडी हवाओं के बीच लोग प्रकृति का आनंद लेते हैं। महाराजपुर स्थित मोती झरना और बरहेट प्रखंड अंतर्गत नर्मदेश्वर मंदिर जैसे स्थानों पर तो पैर रखने की जगह तक नहीं मिलती।लोग अपना-अपना तंबू लगाते हैं और दिन भर पिकनिक का आनंद उठाते हैं। ऐसे स्थान इन क्षेत्रों के लोगों के लिए साल भर की थकान मिटाने और एक-दूसरे से जुड़ने का खास मौका होता है, जहां हर कोई प्रकृति की गोद में खुशियां बिखेरता है।
सदर प्रखंड क्षेत्र में पिकनिक के लिए कई शानदार जगहें हैं। प्रकृति की गोद में पिकनिक और मौज मस्ती के लिए ये स्थान बहुत लोकप्रिय हैं,जो स्थानीय संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता को दर्शाते हैं। जैसे- धोबी झरना,गंगा विहार पार्क और उसके आसपास की खुली पहाड़ियां,खुजली झरना,जलेबिया घाटी, दुर्गा टोला,पीर स्थान। यहां साल के अंत में और छुट्टियों में परिवारों और दोस्तों की भारी भीड़ उमड़ती है।
प्रमुख पिकनिक स्थल
मोती झरना:यह एक लोकप्रिय स्थान है,जहां लोग नए साल में पिकनिक और सप्ताहांत छुट्टियां मनाने आते हैं। इसकी प्राकृतिक सुंदरता पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित करती है। महाराजपुर के गंगा घाट पर नौका विहार का लोग खूब मजा लेते हैं।
नर्मदेश्वर मंदिर:झरनों और हरियाली से घिरा यह स्थान पिकनिक और प्रकृति प्रेमियों के लिए स्वर्ग है, खासकर सर्दियों में यहां काफी भीड़ होती है। पहाड़ी से गिरता झरना लोगों का मन मोह लेता है।
धोबी झरना:यह भी एक शांत और सुंदर जगह है, जहां लोग परिवार के साथ समय बिताने आते हैं। चारों तरफ हरियाली में डूबा यह स्थान मोहक है।
जलेबिया घाटी:यह क्षेत्र भी पिकनिक मनाने के लिए जाना जाता है, यहां लोग समूह में आते हैं। प्रकृति की गोद में बसी सभी घाटियां और पर्यटन स्थल लोगों के स्वागत को तैयार हैं।