पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,धनवार। सर्कस मैदान में मंगलवार को जोहार झारखंड संकल्प अभियान के तहत भाकपा (माले) की जीबी बैठक का आयोजन किया गया।बैठक में कन्वेंशन को सफल बनाने का आह्वान किया गया। साथ ही जननायक कामरेड महेंद्र सिंह के 21वें शहादत दिवस को 16 जनवरी को बगोदर में भव्य रूप से मनाने और बगोदर चलो अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए धनवार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने कहा कि जोहार झारखंड संकल्प अभियान झारखंड के अधिकार, सम्मान और समग्र विकास की लड़ाई का मजबूत मंच है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसमस्याओं के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।बगोदर विधायक विनोद सिंह ने कहा कि यह अभियान जनता की आवाज को सशक्त रूप से उठाने का माध्यम बनेगा और गांव-गांव तक इसे पहुंचाने की जरूरत है।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि होने वाले कन्वेंशन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे, ताकि आंदोलन को नई ताकत मिल सके। बैठक की अध्यक्षता कयूम अंसारी ने की, जबकि संचालन विनय संथालिया ने किया।
मौके पर जिला सचिव अशोक पासवान, रामेश्वर चौधरी, जयंती चौधरी, कौशल्या दास, राजकुमार दास, सागिर अंसारी, रामदेव यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
वक्ताओं ने कहा कि जोहार झारखंड संकल्प अभियान को गांव-गांव तक ले जाकर जनता को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। बैठक के अंत में आगामी सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।