पूर्वांचल सूर्य संवाददाता
रांची।सीसीएल में शनिवार को संगठनात्मक कार्यप्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित,पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत विद्युत और यांत्रिकी विभाग और उत्खनन विभाग के मानक संचालन प्रक्रिया का विमोचन किया गया।
इस अवसर पर आयोजित बैठक में सीसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह,निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा,निदेशक (तकनीकी एवं संचालन) चंद्रशेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनूप हंजुरा और मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार सहित विभागाध्यक्षगण उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सीसीएल सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह सहित गणमान्य अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से एसओपी का विमोचन किया गया। यह एसओपी संबंधित विभागों के कार्यों के निष्पादन हेतु एक स्पष्ट, मानकीकृत एवं व्यवस्थित दिशा निर्देश प्रदान करेगा।
इसका प्रमुख उद्देश्य कार्यप्रणाली में एकरूपता स्थापित करना,प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाना और संचालन में दक्षता को बढ़ाना है।इसके माध्यम से न केवल कार्यों के निष्पादन में स्पष्टता आएगी,बल्कि विभिन्न स्तरों पर जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी।एसओपी के क्रियान्वयन से निर्णय लेने की प्रक्रिया अधिक सुसंगत और समयबद्ध होगी,जिससे कार्यों की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार अपेक्षित है।इस प्रकार की मानकीकृत प्रक्रियाएं संगठन को अधिक सुदृढ़ और उत्तरदायी बनाती हैं। यह पहल न केवल आंतरिक कार्यप्रणाली को सशक्त करेगी, बल्कि संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा प्रबंधन को भी अधिक प्रभावी बनाएगी।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने इस एसओपी के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया और संबंधित विभागों से अपेक्षा की गई कि वे निर्धारित दिशानिर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करें, ताकि संगठन की समग्र कार्यक्षमता में सकारात्मक वृद्धि हो सके।सीसीएल सतत विकास एवं उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को इस प्रकार की पहलों के माध्यम से निरंतर आगे बढ़ा रहा है।