चौपारण में गैस एजेंसियों की जांच सवालों के घेरे में, जनप्रतिनिधियों ने की पारदर्शिता की मांग

चौपारण में गैस एजेंसियों की जांच सवालों के घेरे में, जनप्रतिनिधियों ने की पारदर्शिता की मांग

05 Apr 2026 |  25

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



चौपारण/हजारीबाग। प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों रसोई गैस की भारी किल्लत से उपभोक्ता परेशान हैं।गैस सिलेंडर लेने के लिए घंटों लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है। इसके बावजूद कई उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। इस गंभीर स्थिति के बीच जिला आपूर्ति पदाधिकारी और चौपारण के अंचलाधिकारी द्वारा गैस एजेंसियों की जांच की गई।हालांकि यह जांच शाम के समय लगभग सात से आठ बजे के बीच किए जाने पर कई जनप्रतिनिधियों ने सवाल खड़े कर दिए हैं। उनका कहना है कि इस तरह की जांच केवल औपचारिकता बनकर रह गई है। जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। 



जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट कहा कि जांच दिन के उजाले में गैस एजेंसी और गोदाम के खुलने के समय होनी चाहिए, ताकि उपभोक्ता भी अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रख सकें।बताया गया कि अधिकारियों ने देविशिका एचपी गैस गोदाम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मौजूद कुछ ग्रामीणों ने गोदाम के संचालन को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं। 



ग्रामीणों का आरोप है कि रात लगभग 11 बजे तक गोदाम से गैस सिलेंडरों की गाड़ियों में लोडिंग की जाती रही,जो कई तरह के सवाल खड़े करता है। जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित एजेंसी पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।


ट्रेंडिंग