बच्चों ने खेल-खेल में लगाई आग,खलिहान में रखें 100 बोझा गेहूं जलकर हुआ खाक,पीड़ित किसान ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की
बच्चों ने खेल-खेल में लगाई आग,खलिहान में रखें 100 बोझा गेहूं जलकर हुआ खाक,पीड़ित किसान ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की
05 Apr 2026 | 10
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
चतरा।जिले के हंटरगंज प्रखंड के ढेबो गांव में शनिवार दोपहर आग लगने से किसान टिप्पू कुमार यादव का 100 गेहूं बोझे जलकर राख हो गए।आग की लपटें उठती देख आसपास खेतों में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने आनन-फानन में आग पर काबू पाया,लेकिन तब तक आग से काफी फसल जलकर राख हो चुकी थी।
पीड़ित टिप्पू कुमार ने बताया कि उसने 15 कट्ठा खेत में गेहूं की कटनी की थी।थ्रेसिंग के लिए खलिहान में बोझे रखे थे, उनके बेटा की तबीयत खराब थी,जिसे लेकर शेरघाटी निजी अस्पताल में इलाज करवा रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों का उनके पास कॉल आया कि आपका गेहूं जलकर राख हो गया है।जब वह घर पहुंचा तो देखकर रो पड़ा चूंकि उसका छः महीनों की मेहनत राख हो गई थी।
ग्रामीणों ने बताया कि गेहूं के खेत के पास कुछ बच्चे खेल रहे थे, इसी बीच कूड़े में मिले एक माचिस से बच्चों ने आग लगा दी।हवा चलने की वजह से थोड़ी देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया,जिसके बाद ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया,लेकिन तब तक 100 बोझा गेहूं जलकर राख हो चुका था।पीड़ित ने जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।