पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
जमशेदपुर।जमशेदपुर पूर्वी विधायक पूर्णिमा साहू ने शनिवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न मूलभूत समस्याओं को उठाया और मांग पत्र सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।मुलाकात के दौरान पूर्णिमा साहू ने निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों से वसूली जा रही मनमानी फीस का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।री-एडमिशन फीस,बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन,स्पोर्ट्स और ट्यूशन फीस के नाम पर ली जा रही अतिरिक्त राशि को अनावश्यक वसूली बताते हुए इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। इस पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल संबंधित पदाधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क कर आवश्यक निर्देश दिए।
विधायक पूर्णिमा साहू ने सिदगोड़ा टाउन हॉल में आधार केंद्र स्थापित करने की मांग को भी दोहराया।इस पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि सिदगोड़ा टाउन हॉल में आधार केंद्र की शुरुआत की जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।आगामी बरसात को देखते हुए पूर्णिमा साहू ने जमशेदपुर अक्षेस के माध्यम से शहर में साफ-सफाई,कचरा उठाव और जल निकासी की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। जिससे मानसून के दौरान जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो। पूर्णिमा ने बताया कि 7 अप्रैल को होने वाली जमशेदपुर अक्षेस की बैठक में इन सभी मुद्दों को प्रमुखता से रखा जाएगा।
विधायक पूर्णिमा साहू ने शहर में बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने,ट्रांसफॉर्मर की जांच और मरम्मत,खुले बिजली तारों की कवरिंग और अंडरग्राउंड केबल बिछाने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही चापाकल की व्यवस्था को सुदृढ़ करने की भी मांग की। पूर्णिमा साहू शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए चापरबाजी पर रोक लगाने के लिए चापर की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई। इस पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने आश्वासन दिया कि चापर की बिक्री और भंडारण पर सख्ती से निगरानी रखी जाएगी और आवश्यक कार्रवाई करते हुए इसे बैन करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
गैस की कृत्रिम किल्लत पर भी विधायक पूर्णिमा साहू ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया। पूर्णिमा साहू ने कहा कि पर्याप्त उपलब्धता के बावजूद कुछ लोग अफवाह फैलाकर संकट की स्थिति उत्पन्न कर रहे हैं। इस पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर लाइसेंस भी रद्द किया जाएगा।
शहर में बढ़ते डॉग-बाइट की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विधायक पूर्णिमा साहू ने डॉग शेल्टर हाउस की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।बिरसा मुंडा टाउन हॉल के पास बने डॉग कैनल परिसर को जन सेवा संघ ट्रस्ट को हस्तांतरित करने का प्रस्ताव भी रखा, जिससे आवारा कुत्तों के प्रबंधन और घायल पशुओं के उपचार की बेहतर व्यवस्था हो सके।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कई मामलों में तत्काल संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर समाधान का प्रयास किया और आश्वस्त किया कि शेष समस्याओं का भी शीघ्र निराकरण किया जाएगा। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव भी मौजूद रहे।