पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
गिरिडीह।शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए गिरिडीह नगर निगम ने शनिवार को व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।यह अभियान अम्बेडकर चौक से शुरू होकर टावर चौक होते हुए कालीबाड़ी चौक से वापस कचहरी रोड स्थित सदर अस्पताल गेट तक जारी रहा।
अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने सड़क किनारे और फुटपाथ पर अवैध रूप से दुकानें लगाकर अतिक्रमण करने वाले फुटपाथी दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। कई दुकानदारों का सब्जी,तराजू और अन्य सामान जब्त कर लिया गया।साथ ही सभी दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई कि यदि वे दोबारा सड़क या फुटपाथ पर दुकान लगाएंगे तो उनके खिलाफ जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान सदर अस्पताल गेट के पास मुख्य सड़क पर खड़े दो ठेलों से संदिग्ध अवस्था में देशी शराब भी बरामद की गई।अधिकारियों ने इसे गंभीर मामला मानते हुए तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दे दी। बरामद शराब की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सहायक उपनगर आयुक्त अशोक हसदा ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर शहर में लगातार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फुटपाथी दुकानदारों और सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों को पहले समझाइश दी गई थी, लेकिन नियम न मानने पर उनका सामान जब्त किया गया।हसदा ने कहा कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके। उन्होंने लोगों और दुकानदारों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें, जिससे आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।