सरायकेला-खरसावां जिला स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर कार्यक्रम आयोजित 

सरायकेला-खरसावां जिला स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर कार्यक्रम आयोजित 

05 Apr 2026 |  10

सरायकेला-खरसावां जिला स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर कार्यक्रम आयोजित 



सर्वांगीण विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि 



सरायकेला–खरसावां।जिला के स्थापना के 25 वर्ष पूरे‌ होने के अवसर पर शनिवार को सरायकेला टाउन हॉल में जिला स्तरीय विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य और विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।



कार्यक्रम का स्वागत संबोधन अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश द्वारा किया गया,जिसमें जिले की स्थापना से अब तक की विकास यात्रा,विभिन्न क्षेत्रों में प्राप्त उपलब्धियों एवं आगामी लक्ष्यों पर प्रकाश डाला गया।कार्यक्रम में प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश प्रभावी रूप से प्रसारित किया गया।



कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य और विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन में जिले के सर्वांगीण विकास हेतु सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पंचायती राज व्यवस्था को सुदृढ़ बनाते हुए आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया।



पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने अपने संबोधन में सभी लोगों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें और बेहतर नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में भाग लें।एसपी ने कहा कि विकास तभी संभव है जब क्षेत्र में शांति एवं विधि-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।एसपी ने यह भी उल्लेख किया कि विगत वर्ष जारी राष्ट्रीय पुलिस रैंकिंग में जिले के चौका थाना को झारखंड में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ, जो जिले के लिए गौरव का विषय है।



उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने कहा कि जिला गठन के 25 वर्षों में प्राप्त उपलब्धियों का सम्यक मूल्यांकन एवं मंथन आवश्यक है,जिससे भविष्य की दिशा निर्धारित की जा सके। उप विकास आयुक्त ने सामाजिक कुरीतियों,विशेषकर डायन प्रथा के उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस दिशा में जागरूकता एवं सामूहिक प्रयासों को और सशक्त करने की आवश्यकता है, ताकि ऐसी कुरीतियों का पूर्णतः उन्मूलन सुनिश्चित किया जा सके।



कार्यक्रम में यह भी उल्लेख किया गया कि जिले के सर्वांगीण विकास के लिए महिलाओं के सशक्तिकरण, रोजगार के अवसरों में वृद्धि तथा कला एवं संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सतत प्रयास आवश्यक हैं। 



कार्यक्रम के दौरान महिला डायन कुप्रथा, महिला सशक्तिकरण,पर्यावरण संरक्षण,लोक कला और संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला और पुरुषों को मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।इसके अतिरिक्त राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न विद्यालयों में आयोजित रंगोली, चित्रकला आदि प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।



कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष सोना राम बोदरा उपाध्यक्ष  मधुश्री महतो,नगर पंचायत अध्यक्ष  मनोज चौधरी, उपाध्यक्ष  अविनाश कवि,विधायक प्रतिनिधि  सानंद आचार्या,पद्मश्री सम्मानित  छूटनी महतो,चामी मुर्मू तथा अपर उपायुक्त  जयवर्धन कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, कार्यपालक दंडाधिकारी सरायकेला,जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी,सरायकेला, डीपीएम,जेएस एललपीएस समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और लोगों की उपस्थिति रही।


ट्रेंडिंग