चौपारण के बसरिया में 13 गैस सिलेंडर जब्त,कालाबाजारी की आशंका पर सियासत तेज
चौपारण के बसरिया में 13 गैस सिलेंडर जब्त,कालाबाजारी की आशंका पर सियासत तेज
05 Apr 2026 | 21
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
चौपारण/हजारीबाग। प्रखंड क्षेत्र में गैस की किल्लत के बीच बसरिया गांव से 13 खाली गैस सिलेंडर जब्त किए जाने का मामला सामने आया है,इससे स्थानीय स्तर पर चर्चा और सियासत तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार ये सिलेंडर बसरिया निवासी अमित राणा के घर से बरामद किए गए,इन्हें पुलिस द्वारा जब्त कर थाना में रखा गया है।इस मामले में नया मोड़ तब आया जब अमित राणा की पत्नी ने दावा किया कि जब्त किए गए सभी सिलेंडर बसरिया निवासी पिंटू सोनी के हैं,जो स्थानीय स्तर पर भाजपा से जुड़े नेता बताए जा रहे हैं।इस बयान के बाद मामला राजनीतिक रंग लेने लगा है।
जिला परिषद सदस्य भाग-दो सह कांग्रेस नेता रविशंकर अकेला ने इस पूरे घटनाक्रम पर गंभीर सवाल उठाए हैं। अकेला ने कहा कि जब क्षेत्र में आम लोगों को गैस के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है,ऐसे समय में एक व्यक्ति के पास बड़ी संख्या में सिलेंडर का मिलना कालाबाजारी की ओर इशारा करता है।उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही कहा कि यदि इस मामले में किसी प्रकार की अनियमितता या अवैध कारोबार की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्तियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।