पंचायती राज विभाग और ग्रामीण कार्य विभाग के प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित
ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास प्राथमिकता:हेमंत सोरेन
पूर्वांचल सूर्य संवाददाता
रांची।मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बुधवार को पंचायती राज्य विभाग और ग्रामीण कार्य विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की।बैठक में पंचायती राज विभाग और ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा राज्य में संचालित विकास योजनाओं की अद्यतन कार्य प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।सीएम सोरेन ने ग्रामीण क्षेत्रों की आधारभूत संरचना,सड़क संपर्क,पंचायत स्तरीय सेवाओं और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। सीएम सोरेन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास की बेहतर कार्य योजना बनाते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान सीएम हेमंत सोरेन ने पंचायत स्तर पर पारदर्शिता लाने का निर्देश दिया। सीएम सोरेन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंचायतों के माध्यम से बाल विवाह की रोकथाम,महिला हिंसा की रोकथाम,हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देने और इसे लेकर आमजनता को जागरूक करें। सीएम सोरेन ने विशेषज्ञों की मदद से पंचायत भवनों में भी सॉलिड बेस्ड मैनेजमेंट के लिए कार्य योजना तैयार करने तथा सूखा एवं गीला कचरा को अलग-अलग रखने के लिए लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया। सीएम सोरेन ने प्लास्टिक को भी सेग्रीगेट (पृथक्करण) करने पर बल दिया। सीएम सोरेन ने पंचायत सचिवालय प्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कराने और पंचायत भवनों में शुद्ध पेयजल,शौचालय, स्वच्छता और लाइट जैसी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
सीएम हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आमजनों को पंचायत सचिवालय से मिलने वाली सभी सेवाओं का लाभ ससमय मिले, उन्हें अनावश्यक परेशानी नहीं उठाना पड़े। सीएम सोरेन ने पंचायत में डिजिटल सेवाओं के विस्तार और योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ाने पर बल दिया, ताकि ग्रामीण व्यक्तियों को लाभ मिले। सीएम सोरेन ने ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और विकास कार्यों में पंचायत स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिया।
सीएम हेमन्त सोरेन ने ग्रामीण कार्य विभाग की समीक्षा के दौरान ग्रामीण सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिए। सीएम सोरेन ने सड़क निर्माण कार्यों के गुणवत्ता पर भी विशेष बल दिया।कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क से विकास को गति मिलेगी। इससे गांवों की आर्थिक गतिविधियां भी मजबूत होगी।
सीएम हेमंत सोरेन ने झारखंड मंत्रालय से ऑनलाइन माध्यम से बरहेट के पंचायत सचिवालय में चल रहे कार्यों और सेवाओं की जानकारी ली। साथ ही पंचायत सचिवालय में उपस्थित महिला लाभुक से बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया।
बैठक की शुरुआत में विभागीय सचिव ने विभिन्न भवनों परिसंपत्तियों का निर्माण,मरम्मती और नवीनीकरण संबंधी जानकारी से सीएम हेमंत सोरेन को अवगत कराया।इधर ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा में विभागीय सचिव ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं से सीएम सोरेन को अवगत कराया।
बैठक में पंचायती राज एवं ग्रामीण कार्य विभाग की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह,मुख्य सचिव अविनाश कुमार,विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव मनोज कुमार,निदेशक पंचायती राज राजेश्वरी बी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।