पुरस्कार वितरण के साथ चार दिवसीय पुस्तक मेले का समापन

पुरस्कार वितरण के साथ चार दिवसीय पुस्तक मेले का समापन

06 Apr 2026 |  6

पुरस्कार वितरण के साथ चार दिवसीय पुस्तक मेले का समापन



एसडीओ रोशनी सिंह रहीं मुख्य अतिथि,प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि 



हजारीबाग।झील रोड पर टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज (डायट)परिसर में आयोजित चार दिवसीय पुस्तक मेले का समापन रविवार को औपचारिक समापन समारोह और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के साथ हुआ।इस अवसर पर शिक्षा विभाग की एसडीओ रोशनी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ वरिष्ठ पत्रकार सह फिल्मकार उमेश राणा, कवयित्री श्वेता चंचल और सामाजिक कार्यकर्ता डॉक्टर सुनील यादव भी मंचासीन रहे।



मुख्य अतिथि रोशनी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पुस्तकें व्यक्ति के जीवन को दिशा और दृष्टि दोनों प्रदान करती हैं।रोशनी ने कहा कि आज के डिजिटल युग में भी पुस्तकों का महत्व कम नहीं हुआ है,बल्कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को सही मार्गदर्शन मिलता है। रोशनी ने छात्रों और युवाओं से नियमित पठन की आदत विकसित करने का आह्वान किया और इस तरह के आयोजनों को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।



आयोजन ने जगाई पढ़ने की नई चेतना



नई दिल्ली के समय इंडिया के प्रबंध न्यासी चंद्र भूषण ने कहा कि इस पुस्तक मेले का उद्देश्य केवल किताबों की बिक्री नहीं, बल्कि समाज में पठन-पाठन की संस्कृति को पुनर्जीवित करना है।भूषण ने कहा कि हजारीबाग में मिले अपार समर्थन ने यह साबित कर दिया कि लोगों के भीतर पढ़ने की ललक आज भी जिंदा है। भूषण ने सभी सहयोगियों,प्रतिभागियों और आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। 



कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम का संचालन एवं स्वागत चंद्र भूषण ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डायट के फैकल्टी सदस्य रंजीत वर्मा ने किया। यह मेला अपने पीछे साहित्य, ज्ञान और प्रेरणा की सशक्त छाप छोड़ गया।


ट्रेंडिंग