चौपारण में शिक्षकों की बड़ी बैठक,संघर्ष मोर्चा को मिला नया नेतृत्व
दिनेश यादव अध्यक्ष,अभिषेक सिन्हा सचिव और मनोज कुमार बने कोषाध्यक्ष
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
चौपारण/हजारीबाग।प्रखंड संसाधन केंद्र के पास पुराने ब्लॉक परिसर में रविवार को झारखंड राज्य आकलन प्रशिक्षित सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा की बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और शिक्षकों की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने पर विशेष जोर दिया गया।बैठक में बड़ी संख्या में सहायक अध्यापकों की भागीदारी ने उनकी एकजुटता को स्पष्ट रूप से दर्शाया।बैठक की अध्यक्षता कैलाश साव और संचालन सत्यनारायण पांडेय ने किया।इस दौरान शिक्षकों ने अपने अधिकार,सेवा शर्तों और विभिन्न समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा करते हुए एकजुट होकर संघर्ष करने की आवश्यकता बताई।वक्ताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती ही शिक्षकों के हितों की रक्षा का सबसे बड़ा माध्यम है।
बैठक के दौरान प्रखंड स्तरीय कमिटी का गठन भी किया गया,जिसे संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।सर्वसम्मति से दिनेश कुमार यादव को प्रखंड अध्यक्ष,अभिषेक कुमार सिन्हा को सचिव और मनोज कुमार बारा को कोषाध्यक्ष चुना गया।नवगठित कमिटी को उपस्थित शिक्षकों ने समर्थन देते हुए संगठन को जमीनी स्तर तक सक्रिय करने का भरोसा जताया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष दिनेश कुमार यादव ने कहा कि शिक्षकों के हितों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी साथियों को साथ लेकर संगठन को मजबूत करने और जरूरत पड़ने पर आंदोलन की राह अपनाने की भी बात कही। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक संगठन को और सशक्त बनाया जाएगा।
बैठक में सरयू राणा,गुलाब कृष्णा विश्वकर्मा,उदित प्रसाद, विनोद कुमार दांगी,संतोष सिंह,जय मंगल सिंह सहित सैकड़ों सहायक अध्यापक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में संगठन को मजबूत करने और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।