अंबेडकर जयंती से पहले सीएम योगी का बड़ा ऐलान,बाबा साहेब के सम्मान में सरकार कराएगी खास काम
अंबेडकर जयंती से पहले सीएम योगी का बड़ा ऐलान,बाबा साहेब के सम्मान में सरकार कराएगी खास काम
06 Apr 2026 | 13
गोरखपुर।भारत के संविधान निर्माता डॉक्टर बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल को मनाई जाएगी। इस अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंबेडकर जयंती से पहले बड़ा ऐलान किया है।सीएम ने कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश भर में लगी बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर छत्र लगवाएगी।
गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि हमारी सरकार ने तय किया है कि 14 अप्रैल को भारत के संविधान के शिल्पी बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की पावन जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के द्वारा अपने-अपने बूथ स्तर पर जहां कहीं भी बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की मूर्तियां होंगी, उनके पार्क होंगे,उसके आसपास 13 अप्रैल को स्वच्छता का विशेष अभियान करवाया जाएगा। वहीं 14 अप्रैल को वहां जाकर के बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि के बड़े कार्यक्रम होंगे। सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए एक बड़ा कार्यक्रम होगा।
सीएम योगी ने कहा कि स्वच्छता के इस कार्यक्रम के साथ जुड़ने के साथ ही सरकार ने तय किया है कि प्रदेश भर में जहां कहीं भी बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा होगी,वहां पर प्रतिमा के ऊपर छत्र लगाने का काम कराया जाएगा। वहीं, जहां पर बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित होगी वहां पर जो पार्क होगा उसके बाउंड्री वाल का निर्माण और उसके सुंदरीकरण का काम भी सरकार अपने पास ले रही है और उस कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया जाएगा।